नगर निगम चुनाव 2026: मतदाता सूची पुनरीक्षण शुरू, 27 अप्रैल तक दावे-आपत्तियां आमंत्रित

भीलवाड़ा समाचार 
भीलवाड़ा( महेन्द्र नागौरी)
नगर निगम चुनाव 2026 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसके तहत नगर निगम क्षेत्र में मतदाता सूचियों का गहन पुनरीक्षण कार्य शुरू कर दिया गया है।
निर्वाचक पंजीयन अधिकारी (एसडीओ) ने जानकारी देते हुए बताया कि विधानसभा मतदाता सूची के डेटाबेस के आधार पर नगर निगम भीलवाड़ा की वार्ड एवं भागवार फोटोयुक्त मतदाता सूची तैयार की जा रही है। इस संबंध में 13 अप्रैल को वार्डवार प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जा चुका है।
मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने एवं संशोधन के लिए 27 अप्रैल तक दावे एवं आपत्तियां आमंत्रित किए गए हैं। इसके अलावा 19 अप्रैल व 26 अप्रैल को विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसमें संबंधित बूथों पर प्रातः 9 बजे से सायं 6 बजे तक बीएलओ उपस्थित रहकर प्रकरणों का निस्तारण करेंगे।
अधिकारियों ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में निवासरत ऐसे व्यक्ति, जिनकी आयु 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, वे अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकते हैं। प्रशासन ने आमजन से इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी की अपील की है, ताकि अधिक से अधिक पात्र मतदाता सूची में शामिल हो सकें।